पीआरसी, सीपीआई (एमएल) की तरफ से दिवंगत साथी संजय मुर्मू को अंतिम लाल सलाम!

October 19, 2022 0 By Yatharth

8 अक्टूबर 2022; प. बर्धमान, प. बंगाल : अत्यंत पीड़ा और आहत मन के साथ हम यह सूचित कर रहे हैं कि लगभग एक दशक से भी ज्यादा समय से पार्टी के साथ चट्टानी एकता बनाकर आंदोलन में भूमिका अदा करने वाले कॉम संजय मुर्मू (34 उम्र) की मृत्यु अचानक आज दोपहर में हो गई। उनके जॉन्डिस जैसी बीमारी से पीड़ित होने की बात आ रही है। लेकिन पक्का कारण क्या है अभी पता नहीं है। उसी का इलाज करने के लिए दुर्गापुर ले जाते हुए उनकी रास्ते में ही मृत्यु हो गयी।

पार्टी कमिटी के हिसाब से देखा जाए तो वे कई वजहों से उच्च स्तर की कमेटी में कभी नहीं आ सके, लेकिन वे सदा पार्टी के अन्य तरह के बहुत जरूरी कामों के लिए अत्यंत विश्वस्त साथी के रूप में कार्य करते हुए पार्टी में हमेशा बने रहे। इधर दो वर्षों से वे पारिवारिक समस्यायों में उलझ कर ‘आर्थिक कमाई’ करने में भी लगे, लेकिन पार्टी से वे कभी दूर नहीं गए। हमेशा की तरह अंत तक वे हमारे एक मजबूत स्तंभ बने रहे।

हाल ही में यानी कुछ दिन पहले ही वे बाहर से नार्थ जामबाद वापस लौटे थे। तब से ही उच्च ताप और लगातार उल्टी से पीड़ित थे और उसका इलाज भी हो रहा था। समस्या बढ़ी तो उन्हें दुर्गापुर में बड़े अस्पताल में ले जाने की कोशिश की गई और, जैसा कि ऊपर बताया गया, रास्ते में ही वे हम सबको छोड़ कर चल बसे।

उनका पार्थिव शरीर आज (नॉर्थ जामबाद) में घर पर ही रहेगा। कल सुबह उनके परिजनों और पार्टी साथियों व शुभेच्छुओं के आने के बाद ही उन्हें अंतिम क्रांतिकारी विदाई दी जाएगी।

हम इस दुख की घड़ी में उनके शोक संतप्त परिवार के साथ सदैव की भांति खड़े हैं और उनके दुख व पीड़ा के सहभागी हैं। बहादुर साथी संजय मुर्मू को अंतिम क्रांतिकारी लाल सलाम पेश करते हुए हम उनके सपने को मंजिल तक ले जाने का संकल्प लेते हैं।

कन्हाई बरनवाल

सचिव, प. बंगाल कमिटी

पीआरसी सीपीआई (एमएल)

(साथी संजय मुर्मू के देहांत के बाद पीआरसी सीपीआई (एमएल) प. बंगाल राज्य कमिटी द्वारा जारी)