पॉल रॉबसन

May 4, 2024 0 By Yatharth

महान क्रांतिकारी गायक, कवि व राजनीतिक कार्यकर्ता के 126वें जन्मदिवस पर

प्रख्यात नीग्रो गायक और आवाम की स्वतंत्रता और शांति के अथक योद्धा पॉल रॉबसन की छवि ने सोवियत कलाकारों वी. पोल्याकोव, आई. रैडोमन और के. शैट्स को ‘द्वितीय विश्व शांति कांग्रेस’ को समर्पित एक कैनवास चित्रित करने के लिए प्रेरित किया। (नीचे दिया गया)

पॉल रॉबसन से मेरी पहली मुलाकात पेरिस में ‘प्रथम विश्व शांति कांग्रेस’ में हुई थी। मैं उस उत्साहपूर्ण, हार्दिक स्वागत को कभी नहीं भूलूंगा जो उन्हें मंच पर आसीन होने पर प्रतिनिधियों से मिला था। पॉल रॉबसन उन सभी नीग्रो जनता की आवाज थे जो शांति के लिए, मानव के बेहतर जीवन के लिए लड़ रहे थे। जहां पुरुष और महिलाएं आजादी के लिए लड़ रहे हैं, वहां पॉल रॉबसन की आवाज गूंजती है। इसे बार-बार सुना गया है – रिपब्लिकन स्पेन के अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं द्वारा, ब्रिटिश श्रमिकों द्वारा, पीपुल्स डेमोक्रेसी के मेहनतकशों द्वारा। उस स्वतंत्रता के गायक की सोवियत दर्शकों द्वारा गर्मजोशी से सराहना की गई है। वे विश्व के सभी कोनों में जाने जाते हैं; वे अच्छे इरादे वाले सभी पुरुषों और महिलाओं के लिए प्रिय हैं, यहां तक कि उन जगहों पर भी जहां वे अभी तक कभी नहीं गए है। अपने बारे में बोलते हुए, पॉल रॉबसन ने कहा है: “मैं अमेरिकियों के उस विशाल बहुमत से ताल्लुक़ रखता हूं जो आश्वस्त हैं कि हमारी सभी अंतरराष्ट्रीय समस्याओं को शांतिपूर्ण तरीकों से हल किया जा सकता है। यही कारण है कि हम शांति के लिए बोलने के अधिकार पर जोर देते हैं…”

पॉल रॉबसन का नाम, उनकी आवाज, जो श्वेत और अश्वेत के समान अधिकारों के प्रबल योद्धा हैं, से वे लोग नफरत करते हैं जो युद्ध की तैयारियों में लगे हैं और कमजोर लोगों को गुलामी और उत्पीड़न में जकड़े रखना चाहते हैं। अमेरिकी साम्राज्यवादियों ने पॉल रॉबसन को संयुक्त राज्य अमेरिका छोड़ने से वर्जित कर दिया था। उन्होंने उन्हें ‘द्वितीय विश्व शांति कांग्रेस’ में आने की अनुमति नहीं दी थी। लेकिन शांति के इस गायक की आवाज सभी बाधाओं को पार कर, वारसॉ कांग्रेस के मंच से गुंजायमान हुई।

मुझे देर रात तक चली वो लंबी कांग्रेस बैठक याद आ गई, जब अचानक हमने पॉल रॉबसन की आवाज सुनी। उन्होंने कांग्रेस में प्रतिनिधियों का स्वागत किया, और उन्होंने गाया – उनकी अद्भुत आवाज शक्तिशाली, साहसपूर्वक शांति के गीतों में गूंज रही थी। यह आवाज सभी के दिलों को छू रही थी। नीग्रो लोग मेजों पर कूद पड़े, उनके चेहरे पर मुस्कान थी, उनकी आँखों में आँसू थे…

मैं कोई लेखक या कलाकार नहीं हूँ, लेकिन मैं उस मार्मिक, सुखद भावना की एक तस्वीर पेश करना चाहूँगा जिसने प्रतिनिधियों को अभिभूत कर दिया।

पॉल रॉबसन ने कांग्रेस को अपने अभिवादन की एक रिकॉर्डिंग भेजी थी। उस गायक की आवाज सुनकर, हमें एक बार फिर शांति के लिए संघर्षरत योद्धाओं की एकता की ताकत का एहसास हुआ, जो सभी बाधाओं और दूरियों को पार कर सकती है। हम जानते थे कि पॉल रॉबसन कांग्रेस से अनुपस्थित थे, लेकिन साथ ही वह हमारे साथ थे, हमारे बीच – एक दोस्त, एक कॉमरेड, एक योद्धा।

(चित्र : सौंग ऑफ पीस, 1950

स्रोत : सोवियत वोमन मैगज़ीन, 1951)