आईना
August 17, 2023गजेंद्र रावत
वो आईना लिए
घूमता है
शहर शहर
बेखौफ!
बिंदास!
और मच गई है
खलबली
हर तरफ
सत्ता के गलियारों में
संविधान के विशेषज्ञों में
उन्होंने खंगाल ली हैं
कानून की तमाम किताबें
मगर नहीं ढूंढ पाये
मुनासिब सजा उसके लिए
वो हर बार जम्हूरियत कह के बच जाता है
वे मगर जुटे हैं
खींच तान कर
कानून के हाथों को
और अधिक लम्बा करने में
वे अब देश जन की बात कर रहे हैं
क्योंकि वे जानते हैं लोगों को
इन्हीं ने पिलाया था दूध
पत्थर के बुतों को
और बीमारी के दिनों
बजाई हैं थालियां
आसानी से मान लेंगे ये
घातक है आईना
देश दुनिया के लिए
खतरनाक है इसका
सरेआम घूमना…